ICC T20 World Cup 2026: सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) की कैप्टेंसी वाली भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) ने बीते रविवार, 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर धूल चटाई। गौरतलब है कि इसी बीच एक ऐसी घटना भी घटी जब भारतीय टीम के हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) और कैप्टन सूर्यकुमार यादव अपने साथी खिलाड़ी कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) पर गुस्सा करते दिखे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
दरअसल, इस पूरी घटना की शुरुआत पाकिस्तान की पारी के 18वें ओवर से हुई। भारत के लिए ये ओवर हार्दिक पांड्या करने आए थे जिनकी दूसरी गेंद पर शाहीन ने छक्का जड़ने की कोशिश में कैच उठा दिया। यहां कुलदीप यादव लॉन्ग ऑन की पॉजिशन पर तैनात थे जहां वो एक आसान कैच पकड़ सकते थे। हालांकि उनसे गलती हुई और वो कैच छूट गया। इतना ही नहीं, इसी के साथ वो बॉल बाउंड्री के बाहर भी पहुंच गई और पाकिस्तान को पूरे छह रन मिले।
कुलदीप की इस गलती से हार्दिक काफी नाराज़ हुए और उन्होंने अपने साथी खिलाड़ी की लाइव मैच में डांट लगा दी। कैप्टन सूर्यकुमार यादव भी कुलदीप से नाराज़ थे। गौर करने वाली बात ये है कि ये मुकाबला खत्म होने के बाद भी हार्दिक कुलदीप को कुछ बोलते दिखे, जिसके बाद कुलदीप बेहद ही निराश और नाराज दिखे और सभी से हाथ मिलाकर सीधा पवेलियन चले गए।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वो सूर्यकुमार यादव को नज़रअंदाज़ करते हुए हाथ मिलाते और गले मिलते हैं। आप ये वीडियो नीचे देख सकते हो।
Also Read: LIVE Cricket Score
ऐसा रहा मैचा का हाल: कोलंबो के मैदान पर पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी थी जिसके बाद भारतीय टीम ने ईशान किशन (40 गेंदों पर 77) की शानदार इनिंग के दम पर 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए। इसके जवाब में पाकिस्तान 18 ओवर में ऑल आउट हुआ और 114 रन ही जोड़ पाया। इस तरह भारत ने 61 रनों से मुकाबला जीता। जान लें कि टीम इंडिया ने सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर लिया है।