रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगातार दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनाने के बाद विराट कोहली के फैंस जरुर यह जानना चाहते होंगे कि वह कब क्रिकेट मैदान पर नजर आएंगे। टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज जल्द ही भारत की जर्सी में वापसी करने वाले हैं।
आईपीएल 2026 का अंत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ऐतिहासिक खिताबी जीत के साथ हुआ। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में RCB ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की। इस जीत के सबसे बड़े हीरो विराट कोहली रहे, जिन्होंने 42 गेंदों पर नाबाद 75 रन बनाकर टीम को शानदार जीत दिलाई।
विराट का बल्ला सिर्फ फाइनल में ही नहीं, बल्कि पूरे सीजन में जमकर चला। उन्होंने 16 मैचों में 56.25 की औसत और 165.84 के स्ट्राइक रेट से 675 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और चार अर्धशतक भी निकले।
अब आईपीएल खत्म होने के बाद क्रिकेट फैंस की नजरें इंटरनेशनल क्रिकेट पर टिक गई हैं। खासकर विराट कोहली के प्रशंसक यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि वह टीम इंडिया के लिए कब खेलते हुए दिखाई देंगे।
गौरतलब है कि विराट कोहली टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। अब वह सिर्फ वनडे क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में उनका अगला मुकाबला भी वनडे प्रारूप में ही होगा।
विराट कोहली अब भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में खेलते हुए नजर आएंगे। दोनों टीमों के बीच पहले 6 से 10 जून तक मुल्लांपुर में एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा। इसके बाद वनडे सीरीज की शुरुआत 13 जून से धर्मशाला में होगी। दूसरा वनडे 17 जून को चेन्नई और तीसरा वनडे 20 जून को चंडीगढ़ में खेला जाएगा। ऐसे में विराट कोहली 13 जून को धर्मशाला में अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे मैच में मैदान पर उतरते हुए दिखाई देंगे।
Also Read: LIVE Cricket Score
फैंस को उम्मीद होगी कि विराट अपनी शानदार फॉर्म को इंटरनेशनल क्रिकेट में भी बरकरार रखें और भारत के लिए भी बल्ले से धमाल मचाएं।