Rajat Patidar RCB: आईपीएल में हमेशा ये जिक्र होगा कि जिन रजत पाटीदार को 13 फरवरी 2025 को RCB ने कप्तान बनाया, उसने 3 जून 2025 को टीम को उनका पहला और लंबे इंतज़ार के बाद IPL टाइटल दिला दिया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए, अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फ़ाइनल में पंजाब किंग्स को 6 रन से हराना, IPL सीजन 18 के उतार-चढ़ाव का एक शानदार अंत था।
कप्तान रजत पाटीदार के लिए तो ये और भी ऐतिहासिक पल था क्योंकि उन्होंने कुछ ऐसा हासिल किया जो टीम की कप्तानी करते हुए, कुछ और बड़े नाम वाले भी हासिल नहीं कर पाए थे। हालांकि इस सब से, 2026 सीजन के लिए, उन पर और जिम्मेदारी आ गई है क्योंकि अब RCB डिफेंडिंग चैंपियन हैं।
रजत पाटीदार ने, रोहित शर्मा के बराबर, सिर्फ़ 13 मैच में टीम की कप्तानी के बाद ही IPL ट्रॉफी जीती। IPL ट्रॉफी जीतने के लिए इससे ज्यादा मैच लेने वाले: हार्दिक पांड्या और शेन वॉर्न (15 मैच), एडम गिलक्रिस्ट (24), डेविड वॉर्नर (33), एमएस धोनी (43), गौतम गंभीर (47) और श्रेयस अय्यर (70)। वह IPL ट्रॉफी जीतने वाले 6वें भारतीय और कुल मिलाकर 9वें कप्तान बने।
एक और अद्भुत रिकॉर्ड, जिस पर कोई ध्यान नहीं देता: शेन वॉर्न और रजत पाटीदार ही ऐसे दो कप्तान हैं जो अपने देश के लिए कभी टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेले लेकिन कप्तान के तौर पर IPL टाइटल जीत लिया। मध्य प्रदेश के इस क्रिकेटर के पास अभी इस रिकॉर्ड से अपना नाम हटाने का मौका है।
शेन वॉर्न तो वास्तव में इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर होने के बाद IPL खेलने आए थे। कई जानकार उन्हें, उन अभाग्यशाली खिलाड़ियों की लिस्ट में से एक मानते हैं जो अपने देश की टीम के कप्तान न बन पाए और न ही टी20 इंटरनेशनल खेले। एक और संयोग ये कि वॉर्न और रजत दोनों ने IPL कप्तान के तौर पर अपने पहले ही सीजन में टाइटल जीत लिया था। वॉर्न अपने रिकॉर्ड में एक और IPL टाइटल नहीं जोड़ पाए पर रजत पाटीदार इस रिकॉर्ड को भी बदल सकते हैं।
तो, इस तरह रजत ऐसे पहले भारतीय क्रिकेटर हैं जो टीम इंडिया के लिए कोई भी टी20 इंटरनेशनल खेले बिना, कप्तान के तौर पर IPL टाइटल जीत गए। इस दाएं हाथ के इस बल्लेबाज़ ने अब तक 3 टेस्ट और 1 वनडे मैच खेले हैं। उनकी आईपीएल स्टोरी बड़ी मजेदार है।
IPL 2021 से पहले RCB ने रजत पाटीदार को टीम में शामिल किया था लेकिन शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही। सीज़न में 4 मैच में सिर्फ़ 71 रन और नतीजा ये रहा कि सीजन के बाद रिलीज कर दिए गए। 2022 सीजन के ऑक्शन में हालत ये हो गई कि 'अनसोल्ड' रह गए। 10 में से किसी भी टीम ने इस 29 साल के बल्लेबाज़ में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। बहरहाल किस्मत में कुछ और ही लिखा था।
सीजन के बीच में, RCB के लवनीत सिसोदिया को चोट लग गई और इस से टीम में एक वेकेंसी बन गई। टीम ने बचे सीज़न के लिए रजत को 20 लाख रुपये के कॉन्ट्रैक्ट पर बुला लिया। एक अनसोल्ड खिलाड़ी, उन पर किसी का ध्यान नहीं यानि कि उनके पास खोने के लिए कुछ भी नहीं था। इसलिए बिना देरी RCB टीम में शामिल हो गए।
ये रिप्लेसमेंट खिलाड़ी, सीजन खत्म होने पर टीम के लिए सबसे ज्यादा रन की लिस्ट में नंबर 3 था (152.75 स्ट्राइक रेट से 333 रन)। इसमें ईडन गार्डन्स में लखनऊ सुपर जायंट्स के विरुद्ध एलिमिनेटर में 54 गेंद पर 112* रन बनाकर खूब चर्चा में रहे। ये उनके करियर का 'टर्निंग पॉइंट' था और सीधे दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध सीरीज के लिए वनडे टीम इंडिया में जगह मिल गई। इसके बाद जल्दी ही विशाखापत्तनम में इंग्लैंड के विरुद्ध टेस्ट डेब्यू भी कर गए।
इस सबके बाद तो बस टीम में अपनी जगह पक्की करनी थी। शुरुआत 2023 सीजन से थी पर चोट ने उन्हें पूरा सीजन खेलने ही नहीं दिया। 2024 सीजन में जबरदस्त वापसी की (13 पारी में 395 रन)। 2022 में 20 लाख रुपये में टीम में शामिल हुए इस रिप्लेसमेंट खिलाड़ी को मेगा ऑक्शन से पहले RCB ने 11 करोड़ रुपये में रिटेन कर लिया। जब फाफ डु प्लेसिस इस फ्रैंचाइज़ी से गए तो रजत को 2025 सीज़न के लिए कप्तान भी बना दिया (RCB के चौथे भारतीय और कुल आठवें कप्तान)। टीम को अपने इस फैसले पर कोई पछतावा नहीं हुआ।
उधर आईपीएल 2025, RCB के लिए अपनी काबिलियत साबित करने का सीजन था। उनकी महिला टीम ने 2024 में WPL टाइटल जीत, इस टीम के, कभी टाइटल न जीतने का सूखा खत्म कर दिया था और अब पुरुष टीम के सीनियर खिलाड़ियों के सामने उनकी बराबरी की चुनौती थी। ऐसे में RCB ने इतनी ज़ोरदार वापसी की कि IPL में ऐसी पहली ऐसी टीम बन गए जिसने अपने सभी 'अवे' मैच जीते। वे एक चैंपियन की तरह से खेल रहे थे। रजत ने 15 मैच में 312 रन बनाए जिसमें CSK और MI के विरुद्ध दो 50 भी थे। सीजन में उनसे ज़्यादा रन सिर्फ़ विराट कोहली (657) और फ़िल साल्ट (403) ने बनाए। इस तरह, एक रिप्लेसमेंट खिलाड़ी ने RCB को 18 साल बाद उसका पहला IPL टाइटल दिलाया।
क्या खूब तारीफ की विराट कोहली ने रजत की और बोले, 'क्या ज़बरदस्त बदलाव हुआ है। चोट की वजह से टीम में आए रिप्लेसमेंट खिलाड़ी से IPL जीतने वाले कप्तान तक का सफ़र - कमाल कर दिया। ये सचमुच एक ज़बरदस्त बदलाव है।' उन्होंने रजत को अपना एक बैट भी गिफ्ट किया जिसे RCB के कप्तान ने किस कर अपने पास रख लिया।
वह क्रिकेट के लिए ऐसे समर्पित हैं कि अपनी प्राइवेट ज़िंदगी में, खासकर अपनी शादी के मामले में, बड़ा कुछ कुर्बान किया है। क्रिकेट में इतने व्यस्त रहे कि रजत ने गुंजन के साथ अपनी शादी को बार-बार टाल दिया। वैसे दूसरी पत्नियों के उलट, गुंजन स्टैंड्स में कम ही दिखाई देती हैं, लेकिन जब रजत ने IPL ट्रॉफ़ी के साथ जश्न मनाया तो वह उनके साथ मौजूद थीं।
Also Read: LIVE Cricket Score
चरनपाल सिंह सोबती