15 वर्षीय भारतीय रेसिंग ड्राइवर आरोन मेहता ने मद्रास इंटरनेशनल सर्किट में एफ4 इंडियन चैंपियनशिप के तीसरे राउंड की तीसरी रेस जीतकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ वह इस सीरीज के इतिहास में रेस जीतने वाले सबसे युवा ड्राइवर बन गए हैं।

अपनी इस उपलब्धि पर आरोन ने खुशी जताते हुए कहा कि यह जीत उनके लिए बेहद शानदार है। उन्होंने कहा कि सबसे कम उम्र में रेस जीतने का रिकॉर्ड बनाना इस सफलता को और भी खास बना देता है।

सीरीज के पांचवें राउंड से पहले बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में आईएएनएस से ​​बात करते हुए, आरोन ने अपने सीजन और इस अहम जीत पर चर्चा की। उन्होंने कहा, "जीतना बहुत महत्वपूर्ण था, मेरे आत्मविश्वास के लिए भी और बाकी ड्राइवरों के लिए भी। वे देखते हैं कि आरोन एक ड्राइवर है, जो चैंपियनशिप में मुकाबला कर रहा है और टक्कर देने में सक्षम है। मेरे लिए भी यह देखना बहुत जरूरी था कि मैं जीत हासिल कर सकता हूं।"

उन्होंने आगे कहा, "हम एक लैप की रफ्तार (वन-लैप पेस) के मामले में बहुत मजबूत रहे हैं, जैसा कि आपने इस साल तीन पोल पोजीशन के जरिए देखा होगा। मद्रास में उस रफ्तार को जीत में बदलना वाकई बहुत शानदार रहा। सबसे कम उम्र का ड्राइवर होने के नाते यह जीत और भी खास हो जाती है, लेकिन अंत में एक ड्राइवर के तौर पर यह मेरा काम है; मुझे बस अपना सर्वश्रेष्ठ देना है, और हम आगे भी ऐसा ही करते रहेंगे।"

15 वर्षीय रेसिंग ड्राइवर अपने पहले कार रेसिंग सीजन में हिस्सा ले रहे हैं। इससे पहले उन्होंने इस साल 'फॉर्मूला ग्लोबल शूटआउट प्रोग्राम' जीता था। वह एफ4 इंडियन चैंपियनशिप में 'कोलकाता रॉयल टाइगर्स' के लिए और 'फॉर्मूला ट्रॉफी मलेशिया' में 'इवांस जीपी' के लिए रेस कर रहे हैं।

आरोन ने इंडियन सीरीज में एक जीत हासिल करने के साथ-साथ कई पोल पोजीशन भी अपने नाम की हैं। इसके अलावा, 'फॉर्मूला ट्रॉफी मलेशिया' की एक रेस में उन्होंने 'रूकी' (नए ड्राइवरों की) कैटेगरी में भी पहला स्थान (पी1) हासिल किया है।

उन्होंने अपने पहले सीजन के अनुभव को लेकर कहा, "कार रेसिंग में यह मेरा पहला साल है। मुझे लगता है कि यह काफी सफल रहा है। हमने एफजीएसपी जीता, जिसके तहत हमें इंडियन एफ4 चैंपियनशिप में रेस करने के लिए पूरी स्कॉलरशिप मिली। इसके अलावा, हम 'फॉर्मूला ट्रॉफी मलेशिया' में भी हिस्सा ले रहे हैं; इसका पहला राउंड मलेशिया में आयोजित 'फॉर्मूला वन वर्ल्ड चैंपियनशिप' रेस के सपोर्ट इवेंट के तौर पर हुआ था।"

"तो हां, अब तक का यह साल काफी दिलचस्प रहा है। मैंने बहुत-सी नई चीजें सीखी हैं। एक ड्राइवर के तौर पर भी मैंने काफी तरक्की की है, और मुझे लगता है कि यह बहुत महत्वपूर्ण है। कुल मिलाकर, अब तक का यह साल शानदार रहा है; हमने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। मद्रास में कुछ जीत हासिल कीं, और बीच-बीच में कार से जुड़ी कुछ दिक्कतें भी आईं, लेकिन कुल मिलाकर यह एक बेहतरीन साल रहा है।"

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार