'स्केटबोर्डिंग' पहियों वाले छोटे बोर्ड पर संतुलन बनाकर अलग-अलग करतब दिखाने वाला खेल है, जिसमें गति, संतुलन, फुर्ती और एकाग्रता का विशेष महत्व होता है। इस खेल में खिलाड़ी रैंप, रेलिंग और अन्य बाधाओं का इस्तेमाल करते हुए कई तरह के स्टंट्स करते हैं। यह खेल युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय है और अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुका है।

स्केटबोर्डिंग की शुरुआत 1950 के दशक में संयुक्त राज्य अमेरिका स्थित कैलिफोर्निया में हुई थी। जब सर्फर लहरों के शांत होने पर कुछ मनोरंजक करने के लिए रोलर स्केट्स को अपने बोर्ड के साथ जोड़ते थे। आज के दौर का स्केटबोर्ड बनाने के श्रेय लाइफगार्ड लैरी स्टीवेंसन को जाता है, जिन्होंने साल 1963 में स्केटबोर्ड कंपनी 'मकाहा' की नींव रखी।

स्टीवेंस ने छोटे सर्फबोर्ड जैसा एक डिजाइन तैयार किया और बाद में ट्रिक्स (स्टंट्स) के आविष्कार में मदद के लिए बोर्ड के पीछे एक किकटेल अवर्ड कर्व जोड़ दिया। यह स्केटबोर्ड का सबसे जरूरी हिस्सा है, जो राइडर को बोर्ड पर पूरा नियंत्रण देता है और कई तरह के स्टंट करने में मदद करता है। इसके बाद बोर्ड के सामने के सिरे पर एक किकटेल जोड़ा गया।

स्केटबोर्डिंग की प्रत्येक स्पर्धा के नियम और जरूरतें थोड़ी अलग होती हैं, लेकिन सभी में खिलाड़ियों को अपनी बेहतरीन ट्रिक्स दिखानी होती हैं। उनके प्रदर्शन को कठिनाई, गति, सही तरीके से ट्रिक्स करने और स्टाइल जैसे मानकों पर परखा जाता है।

पार्क प्रतियोगिता एक ऐसे मैदान में होती है, जो कटोरे (बाउल) जैसा दिखाई देता है। इसमें कई तरह के ऊंचे-नीचे हिस्से और बाधाएं होती हैं। खिलाड़ी इनका इस्तेमाल करके रफ्तार पकड़ते हैं और हवा में शानदार करतब दिखाते हैं।

पार्क प्रतियोगिता में दो राउंड होते हैं- प्रिलिमिनरी और फाइनल। 'प्रिलिमिनरी' राउंड में प्रत्येक खिलाड़ी को 45 सेकंड के तीन मौके मिलते हैं। इन तीनों में से जिस रन में खिलाड़ी का प्रदर्शन सबसे अच्छा होता है, उसी के स्कोर के आधार पर फाइनल में पहुंचने वाले खिलाड़ियों का फैसला किया जाता है।

वहीं, 'फाइनल' राउंड में भी खिलाड़ियों को 45 सेकंड के तीन रन मिलते हैं। इसमें उनके सबसे अच्छे रन के स्कोर को गिना जाता है। अगर दो खिलाड़ियों के स्कोर बराबर होते हैं, तो उनके दूसरे सबसे अच्छे रन के स्कोर के आधार पर विजेता का फैसला किया जाता है।

स्ट्रीट प्रतियोगिता में स्केटर्स ऐसे कोर्स पर प्रदर्शन करते हैं, जिसे शहरी माहौल की तरह तैयार किया जाता है। इसमें सीढ़ियां, रेलिंग और गैप जैसी बाधाएं शामिल होती हैं।

पार्क प्रतियोगिता की तरह इसमें भी दो राउंड होते हैं- प्रिलिमिनरी और फाइनल। स्केटर्स को 45-45 सेकंड के दो रन में अपना प्रदर्शन दिखाना होता है। इनमें से सबसे बेहतर रन का स्कोर ही कुल परिणाम में शामिल किया जाता है।

इसके बाद ट्रिक सेक्शन होता है, जो प्रतियोगिता का सबसे रोमांचक हिस्सा माना जाता है। इसमें स्केटर्स को अपनी बेहतरीन ट्रिक्स दिखाने के लिए पांच मौके मिलते हैं। इसके बाद फिर शीर्ष 2 स्कोर को सर्वश्रेष्ठ रन के अंक के साथ जोड़कर कुल स्कोर बताया जाता है। टोक्यो 2020 ओलंपिक में सबसे पहली बार स्केटबोर्ड को शामिल किया गया था।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार