कोलकाता नाइट राइडर्स के बैटर अंगकृष रघुवंशी को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में गुस्सा दिखाना भारी पड़ा है जिसके बाद उनपर उनकी मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इस युवा खिलाड़ी को लीग के आचार संहिता (Code of Conduct) का उल्लंघन करने के लिए एक डिमेरिट पॉइंट भी मिला है। रघुवंशी ने विवादित तरीके से आउट दिए जाने पर अपनी नाराजगी जाहिर की थी।
IPL की गवर्निंग बॉडी के एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि रघुवंशी को आर्टिकल 2.2 के तहत लेवल 1 का दोषी पाया गया है, जो मैच के दौरान उपकरणों के गलत इस्तेमाल से संबंधित है। बयान के अनुसार, रघुवंशी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। बयान में कहा गया है, "अंगकृष रघुवंशी पर उनकी मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और IPL की आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने के लिए उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया है।"
इसमें आगे कहा गया है, "उन्हें आर्टिकल 2.2 का उल्लंघन करते हुए पाया गया, जो मैच के दौरान क्रिकेट उपकरणों या कपड़ों, मैदान के उपकरणों या फिक्स्चर और फिटिंग्स के गलत इस्तेमाल से संबंधित है।"