भारत के महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलने वाले हैं। लखनऊ ने उन्हें पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस से ट्रेड किया है। मुंबई के लिए तो अर्जुन को ज्यादा मौके नहीं मिले लेकिन लखनऊ के खेमे से उन्हें बहुत उम्मीदें होंगी। कप्तान ऋषभ पंत उन पर कितना भरोसा जताते हैं ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा लेकिन फिलहाल पंत और अर्जुन का एक वीडियो जरूर चर्चा का विषय बना हुआ है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पंत को अर्जुन के साथ बातचीत करते हुए देखा जा सकता है जिसमें वो अपने-अपने बैट के वज़न पर चर्चा कर रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि अर्जुन के बैट का वज़न जानकर पंत हैरान रह जाते हैं। अर्जुन ये भी बताते हैं कि उनके पिता महान सचिन तेंदुलकर, अपने शानदार करियर के दौरान इससे भी ज़्यादा वज़नदार बैट इस्तेमाल करते थे।
वीडियो में पंत ने अर्जुन से ये भी पूछा कि ज़्यादा वज़नदार बैट इस्तेमाल करने के क्या फ़ायदे हैं? अर्जुन ने जवाब दिया, "1220 (ग्राम)। बस हल्का सा छूने पर ही गेंद दूर चली जाती है। पापा तो 1310-1315 ग्राम का बैट इस्तेमाल करते थे। मैं तो 1200 ग्राम से कम वज़न का बैट इस्तेमाल करता ही नहीं हूं।"
Already loving this new Rishabh-Arjun bond pic.twitter.com/pa79YqebbU
— Lucknow Super Giants (@LucknowIPL) March 18, 2026