एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स में बुधवार को यूएई ने भारत-ए के खिलाफ जीत के लिए 250 रन का टारगेट रखा है। यूएई को इस चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाने में हरप्रीत सिंह भाटिया का अहम योगदान रहा, जिन्होंने 144 गेंदों में 130 रन की पारी खेली।
यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी ग्राउंड पर टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी यूएई की टीम को महज 2 के स्कोर पर आर्यांश शर्मा (2) के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद भारतीय मूल के हरप्रीत सिंह तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे। हरप्रीत, सलामी बल्लेबाज अंश टंडन (8) के साथ दूसरे विकेट के लिए 18 रन जुटा सके।
यूएई को महज 20 के स्कोर तक दो झटके लग गए थे, जिसके बाद हरप्रीत ने मोर्चा संभाला। उन्होंने मोहम्मद शाहदाद के साथ तीसरे विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 91 के स्कोर तक पहुंचा दिया। शाहदाद 46 गेंदों में 2 चौकों के साथ 28 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद हरप्रीत ने एथन डिसूजा के साथ चौथे विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 150 के पार पहुंचा दिया।