भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज खत्म होने के बाद अब टीम इंडिया का पूरा ध्यान न्यूजीलैंड के आगामी दौरे पर है। श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की सीरीज में भारत 2-0 से जीत दर्ज नहीं कर सका और कोलंबो टेस्ट ड्रॉ रहा। ऐसे में आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC Final 2027) की रेस में बने रहने के लिए भारतीय टीम के सामने अब अपने बाकी मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करने की चुनौती है।
भारत को मौजूदा WTC 2025-27 चक्र में अब कुल सात टेस्ट मैच और खेलने हैं। इनमें नवंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट और इसके बाद अगले साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टेस्ट मैच शामिल हैं। फाइनल में जगह मजबूत करने के लिए भारतीय टीम को इन मुकाबलों में ज्यादा से ज्यादा जीत हासिल करनी होगी।
इसी बीच खबर सामने आई है कि भारतीय टीम मैनेजमेंट ने युवा तेज गेंदबाजों को तैयार करने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, गुनूर बरार को दलीप ट्रॉफी 2026-27 के सेमीफाइनल के लिए नॉर्थ जोन की टीम के साथ जुड़ने के लिए कहा गया है। इसका मकसद उन्हें न्यूजीलैंड दौरे से पहले रेड-बॉल क्रिकेट में खुद को साबित करने का एक और मौका देना है।