BAN vs AUS ODI: ऑस्ट्रेलियाई टीम बांग्लादेश के दौर पर है जहां वो मंगलवार, 09 जून से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। गौरतलब है कि इस सीरीज के शुरू होने से पहले मेहमान टीम की स्क्वाड में कुछ बेहद ही बड़े बदलाव हुए हैं। दरअसल, टीम के अनुभवी खिलाड़ी जैसे मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड वनडे स्क्वाड से बाहर हो गए हैं।
मिचेल मार्श एंकल इंजरी से परेशान हैं, यही वज़ह है वो बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज नहीं खेल पाएंगे, दूसरी तरफ ट्रेविस हेड को निजी कारणों के चलते बांग्लादेश टूर पर होने वाली वनडे और टी20 सीरीज, दोनों सीरीज से ही अवकाश दे दिया गया है। हेड और मार्श की जगह ओलिवर पीके और मैथ्यू शॉर्ट को वनडे टीम में जगह मिली है। ध्यान दें कि वनडे सीरीज में अब जोश इंगलिस टीम की कैप्टेंसी करने वाले हैं।
इसके अलावा, ऑस्ट्रेलिया के 24 साल के स्पिन गेंदबाज़ तनवीर सांघा भी हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण बाहर हो गए हैं। उन्हें ये चोट पाकिस्तान में दूसरे वनडे मुकाबले के दौरान आई थी। उनकी जगह स्क्वाड में टॉम मर्फी को जोड़ा गया है। इतना ही नहीं, बेन ड्वारशुइस और जेवियर बार्टलेट भी रिले मेरेडिथ और बिली स्टैनलेक को स्क्वाड में रिप्लेस करेंगे। हालांकि रिले मेरेडिथ टी20 सीरीज के लिए बाद में बांग्लादेश आएंगे।