Dewald Brevis Six in 3rd ODI vs AUS: ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका को तीसरे और आखिरी वनडे मैच में 276 रनों से हरा दिया। हालांकि, इस बड़ी जीत के बावजूद ऑस्ट्रेलिया सीरीज 2-1 से हार गया। इस आखिरी मैच में साउथ अफ्रीका की बल्लेबाजी बुरी तरह से फ्लॉप रही लेकिन डेवाल्ड ब्रेविस ने एक बार फिर से दिखाया कि वो कितने खतरनाक बल्लेबाज हैं।
मैके के ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में खेले गए इस मैच में ब्रेवस ने 28 गेंदों में 49 रनों की तूफानी पारी खेली जिसमें 2 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। इसमें से एक छक्का तो ऐसा था जिसने फैंस का भरपूर एंटरटेनमेंट किया। दरअसल, ब्रेविस द्वारा लगाए गए इस छक्के के दौरान गेंद स्टेडियम के बाहर चली गई और एक दर्शक पहले तो गेंद को लेकर भागता दिखा और बाद में गेंद को छुपाने की कोशिश करने लगा।
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। ये घटना पारी के 11वें ओवर में हुई, जिसमें जेवियर बार्टलेट बॉलिंग कर रहे थे और उन्होंने एक गेंद ब्रेविस को काफी शॉर्ट डाल दी जिस पर ब्रेविस ने पुल लगाते हुए गेंद को स्टेडियम के बाहर पहुंचा दिया। जैसे ही गेंद स्टेडियम के बाहर गिरी वैसे ही एक फैन गेंद के पीछे दौड़ा और पहले तो गेंद को पकड़कर भागता दिखा और बाद में वो रुक गया और तब गेंद को अपनी शर्ट के अंदर छिपाने की कोशिश करने लगा लेकिन जब उसे पता चला कि वो कैमरा पर है तो उसने अंततः गेंद को वापस लौटा दिया। ये पूरा नजारा देखकर कमेंटेटर भी हैरान रह गए।