भारतीय महिला क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल गए दूसरे वनडे में हरमनप्रीत कौर का एक अजीबोगरीब शॉट देखने को मिला। मेगन शुट्ट की धीमी गेंद पर हरमनप्रीत कौर की स्कूप खेलने के चक्कर में टाइमिंग गड़बड़ा गई और गेंद बल्ले से लगकर सीधा हेलमेट की ग्रिल पर जा टकराई।
होबार्ट के बेलेरिव ओवल में शुक्रवार (27 फरवरी) को खेले गए दूसरे वनडे में भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर शानदार लय में नजर आ रही थीं। उन्होंने 70 गेंदों में 54 रन की जिम्मेदार पारी खेली, लेकिन उनकी इस पारी के दौरान एक ऐसा पल आया जिसने सभी को चौंका दिया।
पारी के 39वें ओवर में ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाज मेगन शुट्ट ने शॉट पिच पर धीमी गेंद डाली। हरमनप्रीत पहले से ही स्कूप शॉट खेलने का मन बना चुकी थीं क्योंकि विकेटकीपर के पीछे गैप दिख रहा था। लेकिन गेंद की रफ्तार कम थी और उनकी टाइमिंग कुछ गड़बड़ा गई। गेंद बल्ले का किनारा लेकर सीधे उनके हेलमेट की फेस ग्रिल पर जा लगी। कुछ पल के लिए मैदान पर सन्नाटा छा गया, लेकिन अच्छी बात ये रही कि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई और वो तुरंत संभल भी गईं।