ENG vs PAK 2nd Test: इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला गुरुवार (27 अगस्त) से लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेला जा रहा है। इस मुकाबले के बीच पाकिस्तान को बड़ा झटका लगा है। उनके सलामी बल्लेबाज इमाम-उल-हक (Imam-ul-Haq) चोट की वजह से पहली पारी में बल्लेबाजी के लिए नहीं उतर सके।
इमाम को पहले दिन पिंडली में चोट लगी थी। इसके बाद वह कुछ समय के लिए मैदान से बाहर भी रहे थे। चोट की गंभीरता को देखते हुए दूसरे दिन पाकिस्तान की पहली पारी में बल्लेबाजी के लिए भी इमाम मैदान पर नहीं उतरे।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इमाम की चोट को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि स्कैन में उनकी लो-ग्रेड काफ स्ट्रेन की पुष्टि हुई है। फिलहाल पाकिस्तान की मेडिकल टीम उनकी चोट का इलाज कर रही है और टेस्ट मैच के बाकी हिस्से में उनके खेलने का फैसला उपचार के बाद उनकी रिकवरी पर निर्भर करेगा।