इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ जून से शुरू होने वाली तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। बेन स्टोक्स एक बार फिर टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे, जबकि स्टार तेज गेंदबाद जोफ्रा आर्चर इस टीम का हिस्सा नहीं है।
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने बुधवार (13 मई) को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली जाने वाली तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया। दोनों टीमों के बीच यह पहला टेस्ट 4 जून से लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा।
इस टीम चयन में कई बड़े फैसले देखने को मिले हैं। इंग्लैंड के ओपनर जैक क्रॉली और पूर्व टेस्ट उपकप्तान ओली पोप को पहले टेस्ट के लिए टीम में जगह नहीं मिली है। वहीं तीन अनकैप्ड खिलाड़ियों को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। डरहम के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज एमिलियो गे, हैम्पशर के तेज गेंदबाज सॉनी बेकर और समरसेट के विकेटकीपर बल्लेबाज जेम्स रियू शामिल हैं। इसके अलावा रेहान अहमद, मैथ्यू फिशर और ओली रॉबिन्सन की भी टेस्ट टीम में वापसी हुई है।