Womens Big Bash League: इंग्लैंड की लेग-स्पिनर सारा ग्लेन ने आगामी विमेंस बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) सीजन के लिए ब्रिस्बेन हीट के साथ फिर से करार किया है। वह टूर्नामेंट के नए 'डायरेक्ट साइनिंग सिस्टम' के तहत कॉन्ट्रैक्ट पाने वाली पहली विदेशी खिलाड़ी बन गई हैं।
29 अक्टूबर से 5 दिसंबर तक चलने वाले नए सीजन से पहले डब्ल्यूबीबीएल ने विदेशी खिलाड़ियों के लिए 'ओवरसीज ड्राफ्ट सिस्टम' को खत्म करके 'डायरेक्ट मल्टी-ईयर' और 'सिंगल-ईयर कॉन्ट्रैक्ट' का सिस्टम अपनाया है। इसके तहत सारा का कॉन्ट्रैक्ट सबसे पहले फाइनल हुआ है।
क्लब की ओर से जारी बयान में हेड कोच मार्क सोरेल ने कहा, हम सारा ग्लेन की वापसी से बहुत खुश हैं, और इस बार वह पूरे टूर्नामेंट के लिए हमारे साथ होंगी। वह एक बेहतरीन इंसान और शानदार टीम प्लेयर हैं। जैसा कि हमने देखा है, वह बहुत कुशल गेंदबाज हैं और हम उनसे जो भी भूमिका निभाने को कहेंगे, उसमें वह हमारे गेंदबाजी अटैक को मजबूती देंगी। मैं साल भर से उनकी गेंदबाजी पर नजर रख रहा हूं। यॉर्कशायर और 'द हंड्रेड' में सदर्न ब्रेव के लिए उनका प्रदर्शन शानदार रहा है।"