भारत की टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीत के साथ ही टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने भी इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया। गंभीर अब ऐसे पहले शख्स बन गए हैं जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप खिलाड़ी और कोच दोनों रूप में जीता है। यही नहीं, उन्होंने भारतीय टीम के कोच के रूप में भी एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। रविवार (8 मार्च) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया की शानदार जीत के साथ ही हेड कोच गौतम गंभीर ने भी एक बड़ा इतिहास रच दिया।
गौतम गंभीर अब टी20 वर्ल्ड कप को खिलाड़ी और कोच दोनों रूप में जीतने वाले दुनिया के पहले व्यक्ति बन गए हैं। उन्होंने 2007 में टी20 वर्ल्ड कप के पहले संस्करण में बतौर खिलाड़ी भारत को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी और अब 2026 में हेड कोच के रूप में टीम को चैंपियन बनाया।