IND vs NZ 4TH T20I: भारत और न्यूजीलैंड के बीच शुक्रवार (30 अक्टूबर) को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में ग्लेन फिलिप्स (Glenn Phillips) ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से जमकर कहर बरपाया। कीवी बल्लेबाज ने भारतीय गेंदबाजों को बिल्कुल भी राहत नहीं दी। खास तौर पर नितीश कुमार रेड्डी (Nitish Kumar Reddy) के लिए यह मुकाबला काफी खराब रहा, जिन्हें फिलिप्स ने एक ही ओवर में चार लगातार छक्के जड़कर बैकफुट पर धकेल दिया।
यह घटना न्यूजीलैंड की पारी के 16वें ओवर में देखने को मिली। गेंदबाजी की जिम्मेदारी तेज गेंदबाज ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी के पास थी और उनके सामने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे ग्लेन फिलिप्स थे। ओवर की तीसरी गेंद से फिलिप्स ने अपना हमला शुरू कर दिया। नितीश ने ऑफ स्टंप के बाहर फुल लेंथ गेंद फेंकी, जिस पर फिलिप्स ने एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से शानदार छक्का जड़ दिया।
अगली गेंद पर नितीश ने फिर से फुल लेंथ गेंद डाली, लेकिन इस बार फिलिप्स ने सीधे गेंदबाज के ऊपर से शानदार शॉट खेलते हुए गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचा दिया। इसके बाद पांचवीं गेंद पर उन्होंने लगातार तीसरा छक्का जड़ दिया।