WPL 2026, Mumbai Indians Women vs Delhi Capitals Women Highlights: महिला प्रीमियर लीग 2026 के तीसरे मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 50 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान हरमनप्रीत कौर (74*) और नेट साइवर ब्रंट (70) की दमदार पारियों की बदौलत मुंबई ने 195 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और पूरी टीम 145 रन पर सिमट गई।
महिला प्रीमियर लीग 2026 का तीसरा मुकाबला शनिवार (10 जनवरी) को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला गया। दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन यह दांव मुंबई इंडियंस के खिलाफ भारी पड़ गया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस को अमेलिया केर के रूप में शुरुआती झटका जरूर लगा, जो बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं। इसके बाद जी कमलिनी और नेट साइवर ब्रंट ने पारी को संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 49 रनों की साझेदारी की। कमलिनी 16 रन बनाकर आउट हुईं, लेकिन साइवर ब्रंट एक छोर संभाले रहीं।