भारत के खिलाफ जब भी हेनरिक क्लासेन खेले हैं उन्होंने अपने बल्ले का पराक्रम दिखाया है और उन्होंने दूसरे वनडे में भी ये पराक्रम जारी रखा। बेशक रांची वनडे में क्लासेन सिर्फ 30 रनों की पारी ही खेल पाए लेकिन उनकी इस पारी में जो रफ्तार थी उसी ने प्रोटियाज़ टीम को 278 तक पहुंचाने में मदद की।
कुलदीप यादव की गेंद पर आउट होने से पहले क्लासेन ने 26 गेंदों में 30 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 2 चौके और 2 छक्के भी देखने को मिले। कुलदीप यादव की गेंद पर वो आउट जरूर हुए लेकिन उससे पहले क्लासेन ने उनकी कुटाई भी की। क्लासेन ने कुलदीप यादव की गेंद पर एक ऐसा छक्का लगाया जो 84 मीटर दूर जाकर गिरा। इस छक्के को देखकर कुलदीप का चेहरा भी लटक गया।
क्लासेन ने अपनी क्लास दिखाते हुए 38वें ओवर की तीसरी गेंद पर क्रीज़ से बाहर निकलकर लॉन्ग ऑफ के ऊपर से छक्का लगा दिया। उनके इस छक्के का वीडियो फैंस को बहुत पसंद आ रहा है। वहीं, क्लासेन के अलावा रीज़ा हेंड्रिक्स और एडेन मार्क्रम ने भी शानदार बल्लेबाज़ी की और अर्द्धशतकीय पारियां खेलकर अफ्रीकी पारी को संतुलन प्रदान किया।