इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 68वां मुकाबला शनिवार, 23 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच इकाना स्टेडियम, लखनऊ में खेला जाएगा। ये मुकाबला लखनऊ से ज्यादा पंजाब के लिए जरूरी होगा क्योंकि पंजाब की टीम अभी भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है जबकि लखनऊ की टीम काफी पहले टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है।
ऐसे में इन दोनों टीमों के बीच होने वाले मैच में पंजाब किंग्स के पास अपने अभियान को पटरी पर लाने का एक आखिरी मौका होगा। सात मैचों में अजेय रहने के साथ शुरुआत करने के बाद, PBKS अब शर्मनाक तरीके से बाहर होने के कगार पर खड़ी है और उसका भाग्य अब उसके अपने हाथों में नहीं है। PBKS एक ऐसी टीम लग रही थी जिसे हराना मुश्किल था लेकिन दूसरे हाफ में कहानी इतनी बदल गई कि वो एक जीत के लिए तरस रहे हैं।
इस समय पंजाब के 13 मैचों के बाद भी कुल 13 ही अंक हैं। एक समय पॉइंट्स टेबल में सबसे ऊपर रहने वाली टीम इस समय फिसलकर पांचवें स्थान पर आ गई है और अब अगर वो लखनऊ के एकाना क्रिकेट स्टेडियम में सुपर जायंट्स के खिलाफ अपना मैच जीत भी जाते हैं, तो भी उन्हें दूसरे मैचों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ेगा। अब सवाल ये उठता है कि पंजाब की टीम कैसे चौथे स्थान पर फिनिश कर सकती है, तो चलिए आपको पूरा समीकरण बताते हैं।