भारतीय टीम के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने माना है कि मेहमान टीम शनिवार को दूसरे दिन के अंत में अपनी काबिलियत के हिसाब से प्रदर्शन करने में नाकाम रही। पहली पारी में टीम इंडिया ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपने 6 विकेट सिर्फ 116 रनों के स्कोर पर गंवा दिए थे।
भारतीय टीम अभी भी न्यूजीलैंड द्वारा बनाए गए 356 रनों के टोटल से 240 रन पीछे है और टीम के सिर्फ 4 विकेट बचे हुए हैं। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों ने दूसरे दिन के पहले सेशन में अच्छी गेंदबाजी की और न्यूजीलैंड के बचे हुए 5 विकेट सिर्फ 109 देकर चटकाए। हालांकि, टीम की फील्डिंग और फिर बल्लेबाजों ने अपने प्रदर्शन से खासा निराश किया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए साईराज बहुतुले ने कहा, "ठीक है, आप कभी नहीं कह सकते कि आखिरी गेंद फेंके जाने तक खेल हमारी पहुंच से बाहर है। मगर हां, यह निश्चित रूप से एक निराशाजनक दिन था। हम पार्टनरशिप नहीं बना सके। हर बल्लेबाज को शुरुआत मिली, लेकिन हम उन्हें बड़े स्कोर में नहीं बदल सके। इस तरह के विकेट पर पार्टनरशिप बहुत जरूरी होती है और मुझे लगता है कि यहीं पर हम थोड़ा और बेहतर कर सकते थे।"