इंग्लैंड के खिलाफ शनिवार (4 जुलाई) को खेले गए दूसरे टी20 में युवा लेग स्पिनर रवि बिश्नोई का एक ओवर भारत पर भारी पड़ गया। उनकी इस महंगी गेंदबाजी के बाद अब आइसलैंड क्रिकेट ने भी सोशल मीडिया पर उन्हें लेकर मजेदार तंज कस दिया, जिसका पोस्ट तेजी से वायरल हो गया है।
आइसलैंड क्रिकेट अपने मजेदार और व्यंग्यात्मक पोस्ट्स के लिए पहले भी चर्चा में रहा है। इस बार उन्होंने रवि बिश्नोई की गेंदबाजी को लेकर पोस्ट कर दिया। आइसलैंड क्रिकेट ने रविवार (5 जुलाई) को अपने आधिकारिक X अकाउंट पर लिखा, "आइसलैंड दुनिया के सबसे महंगे देशों में से एक है। अगर आप कभी यहां नहीं आए हैं और इसकी महंगाई का अंदाजा लगाना चाहते हैं, तो रवि बिश्नोई के स्तर जैसा समझ सकते हैं।"
Iceland is a very expensive nation to live and visit. If you have never been here and want to imagine it, think Ravi Bishnoi kind of levels.
Iceland Cricket (icelandcricket) July 5, 2026
दरअसल, इंग्लैंड की पारी का 17वां ओवर पूरी तरह मैच का टर्निंग पॉइंट बन गया। उस समय इंग्लैंड को जीत के लिए 24 गेंदों में 49 रन चाहिए थे, लेकिन रवि बिश्नोई के इस ओवर में 29 रन आ गए। उन्होंने लगातार दो बैक-फुट नो-बॉल फेंकी, जिन पर जैकब बेथेल ने फ्री-हिट का पूरा फायदा उठाते हुए दो छक्के जड़ दिए। देखते ही देखते मुकाबला पूरी तरह इंग्लैंड की पकड़ में चला गया। वहीं बिश्नोई ने अपने चार ओवर के स्पेल में बिना कोई विकेट लिए 60 रन दिए।