डेनियल सैम्स (3/16) और कुमार कार्तिकेय (2/22) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए आईपीएल 2022 के 59वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को पांच विकेट से हरा दिया। चेन्नई ने 20 ओवर में दस विकेट खोकर 97 रन बनाए थे। मुंबई टीम की ओर से तिलक वर्मा (34 नाबाद) ने सबसे ज्यादा रन बनाए। शानदार गेंदबाजी करने पर डेनियल सैम्स 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुने गए।
चेन्नई द्वारा दिए गए 98 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत खराब रही। टीम की ओर से ईशान किशन और कप्तान रोहित शर्मा ने पारी की शुरुआत की। हालांकि, मुकेश चौधरी के पहले ओवर की पांचवी गेंद पर किशन विकेटकीपर धोनी के हाथों कैच थमा बैठे और पांच गेंद में मात्र छह रन बनाकर वापस पवेलियन लौट गए। उनके बाद डेनियल सैम्स बल्लेबाजी करने उतरे।