T20 World Cup 2026, India vs Namibia: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में भारत ने नामीबिया के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाज़ी का शानदार प्रदर्शन किया। ईशान किशन ने पावरप्ले में ही अर्धशतक जड़ते हुए रिकॉर्ड पारी खेली और भारतीय पारी की रफ्तार तेज कर दी। अंत के ओवरों में हार्दिक पांड्या ने भी विस्फोटक अंदाज़ में रन बटोरते हुए स्कोर को 209 रन तक पहुंचाया।
गुरुवार (12 फरवरी) को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया। भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और संजू सैमसन ने महज़ 8 गेंदों में 22 रन बनाकर तेज शुरुआत दिलाई, हालांकि वह बड़ी पारी में नहीं बदल सके।
इसके बाद ईशान किशन ने तिलक वर्मा के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 31 गेंदों में 79 रन जोड़ दिए। ईशान ने पावरप्ले के भीतर ही 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 24 गेंदों में 61 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। इस पारी के साथ वह टी20 वर्ल्ड कप में अर्धशतक लगाने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज़ भी बने। तिलक वर्मा ने 21 गेंदों में 25 रन का योगदान दिया।