ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने कहा है कि मैदान के बाहर उनकी पूर्व ओपनर उस्मान ख्वाजा के साथ कभी कोई करीबी नहीं रही, जबकि डेविड वॉर्नर के साथ उनकी बॉन्डिंग काफी मजबूत थी।
हेजलवुड की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा 'सब्र' के कारण ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट जगत में 2018 के बॉल-टैम्परिंग विवाद को लेकर काफी हलचल मची हुई है। 'द हेराल्ड सन' के अनुसार, हेजलवुड ने कहा, "मुझे लगता है कि डेविड वॉर्नर के साथ मेरी हमेशा काफी अच्छी बनी। हमारी कई रुचियां एक जैसी थीं। मैंने उनके साथ काफी क्रिकेट खेला है, शायद उस्मान की तुलना में कहीं ज्यादा। पिछले चार-पांच वर्षों में जब मैं चोटिल था, तब उस्मान ने काफी क्रिकेट खेला। मैंने वॉर्नर के साथ काफी 'व्हाइट बॉल' क्रिकेट खेला, वर्ल्ड कप जैसे टूर्नामेंट खेले और उन पलों को साथ मिलकर सेलिब्रेट भी किया।"
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह और ख्वाजा शायद ही कभी बात करते थे, तो तेज गेंदबाज ने हां में जवाब दिया। हेजलवुड ने कहा, "हां, ऐसा कहना सही होगा। मुझे लगता है कि किसी भी कार्यस्थल पर- चाहे वह खेल हो या कोई ऑफिस, जहां 20 लोगों की टीम हो, वहां हमेशा 2-3 लोग ऐसे होते हैं जिनके साथ आपकी निजी तौर पर उतनी नहीं बनती। पेशेवर स्तर पर आप एक-दूसरे के साथ अच्छे से काम करते हैं और मैंने भी अपने सभी साथियों के साथ ऐसा ही किया। मैंने कोशिश की। मैं उनसे नफरत नहीं करता था और न ही उनसे जानबूझकर बचता था, लेकिन मैंने उनके साथ निजी समय बिताने के लिए कभी कोई खास कोशिश भी नहीं की।"