Keshav Maharaj Record: साउथ अफ्रीका की टीम न्यूजीलैंड के टूर पर है जहां वो रविवार, 15 मार्च को माउंट माउंगानुई के बे ओवल स्टेडियम में मेजबान टीम के साथ पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला (NZ vs SA 1st T20) खेलेंगे। गौरतलब है कि इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका के कैप्टन केशव महाराज (Keshav Maharaj) एक साथ दो बेहद ही खास हाफ सेंचुरी पूरी कर सकते हैं।
जी हां, ऐसा ही हो सकता है। सबसे पहले ये जान लीजिए कि 36 साल के केशव महाराज अब तक साउथ अफ्रीका के लिए 49 टी20 मैच खेल चुके हैं जिसमें उन्होंने 48 विकेट लिए और 104 रन बनाए। यानी न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाला पहला टी20 मुकाबला उनके करियर का 50वां टी20 इंटरनेशनल मैच होगा और ऐसे वो मैदान पर कदम रखते ही एक खास हाफ सेंचुरी पूरी करेंगे।
इसके अलावा, इस मुकाबले में केशव महाराज अगर न्यूजीलैंड के दो विकेट चटकाते हैं तो वो T20I में अपने 50 विकेट भी पूरे कर लेंगे और ऐसे अपनी दूसरी बेहद ही खास हाफ सेंचुरी पूरी करेंगे। बताते चलें कि साउथ अफ्रीका के लिए अब तक सिर्फ दो ही स्पिन गेंदबाज तबरेज शम्सी (70 मैचों में 89 विकेट) और इमरान ताहिर (35 मैचों में 61 विकेट) ही टी20 में 50 या उससे ज्यादा विकेट ले पाए हैं।