Kieron Pollard Six: वेस्टइंडीज के अनुभवी ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड (Kieron Pollard) लंबे-लंबे छक्के मारकर फैंस का मनोरंजन करते हैं और उन्होंने एक बार फिर ऐसा ही किया है। दरअसल, कीरोन पोलार्ड मौजूदा समय में CPL 2026 टूर्नामेंट खेल रहे हैं जिसके 24वें मुकाबले में उन्होंने रहकीम कॉर्नवाल (Rahkeem Cornwall) को एक मॉन्स्टर छक्का मारकर फैंस को हैरान किया। उन्होंने इतना लंबा छक्का मारा कि गेंद स्टेडियम के बाहर ही पहुंच गई।
ये घटना Trinbago Knight Riders और Antigua and Barbuda Falcons के बीच खेले गए मुकाबले में घटी। पोलार्ड का ये गगनचुंबी छक्का TKR की पारी के छठे ओवर में देखने को मिला। ये त्रिनबागो के लिए पावरप्ले का आखिरी ओवर था जिसे ध्यान में रखकर पोलार्ड ने अपनी पारी की पहली ही गेंद से आक्रमकता दिखाई।
रहकीम कॉर्नवाल ने ये बॉल ऑफ साइड के बाहर डिलीवर किया था जिसका सामना करते हुए पोलार्ड ने पूरी ताकत से बल्ला घुमाया और लॉन्ग ऑन की तरफ हवाई शॉट खेला। गौरतलब है कि उन्होंने गेंद को अपने बैट से ऐसा मिडिल किया था कि गेंद किसी रॉकेट की तरह आसमान में गई और फिर सीधा स्टेडियम के बाहर जाकर गिरी। CPL ने खुद अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस घटना का वीडियो साझा किया है जिसे आप नीचे देख सकते हो।