इंग्लैंड ने लॉर्ड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच में चौथे दिन रविवार (7 जून) को न्यूजीलैंड को 115 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। इस जीत के साथ इंग्लैंड को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC 2025-27) में अहम अंक मिले, लेकिन सबसे बड़ा असर न्यूजीलैंड पर पड़ा है, जिसे पॉइंट्स टेबल में भारी नुकसान झेलना पड़ा।
मैच की बात करें तो न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था और उनके तेज गेंदबाजों ने पहले दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को पहली पारी में सिर्फ 140 रन पर समेट दिया। न्यूजीलैंड के लिए गेंदबाजी में काइल जैमीसन ने 5 विकेट लिए, जबकि नाथन स्मिथ ने 3 विकेट अपने नाम किए।
हालांकि इंग्लैंड ने भी जोरदार जवाब दिया। चार साल बाद टेस्ट टीम में लौटे ओली रॉबिन्सन ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके और न्यूजीलैंड की पहली पारी 113 रन पर खत्म हो गई। दूसरी पारी में डेब्यू कर रहे एमिलियो गे (57) के अर्धशतक की मदद से इंग्लैंड ने 226 रन बनाए और न्यूजीलैंड के सामने 254 रन का लक्ष्य रखा।