पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव लगातार बढ़ता ही जा रहा है। ताजा घटनाक्रम में, पाकिस्तान ने अफ़गानिस्तान की राजधानी काबुल में एयर स्ट्राइक करते हुए एक अस्पताल को निशाना बनाया जिसमें कई आम नागरिकों की जान भी चली गई और ढाई सौ से ज्यादा लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद अफगानिस्तान के क्रिकेट स्टार राशिद खान ने पाकिस्तानी हवाई हमलों की निंदा की है।
हमले की खबरों के बाद, राशिद ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के ज़रिए अपना गुस्सा और दुख ज़ाहिर किया। अफ़गान अधिकारियों के अनुसार, सोमवार देर रात काबुल में एक पाकिस्तानी हवाई हमले ने 'उमर एडिक्शन ट्रीटमेंट हॉस्पिटल' को निशाना बनाया। अफगानिस्तान पर हुए इस हमले के बाद सोशल मीडिया पर भी फैंस का आक्रोश देखने को मिल रहा है और फैंस अफगानिस्तान के साथ खड़े होने की बात कर रहे हैं।
वहीं, राशिद खान ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा, "काबुल में पाकिस्तानी हवाई हमलों के कारण आम नागरिकों के हताहत होने की ताज़ा खबरों से मैं बहुत दुखी हूं। आम नागरिकों के घरों, शिक्षण संस्थानों या मेडिकल सुविधाओं को निशाना बनाना, चाहे जान-बूझकर हो या गलती से, एक युद्ध अपराध है। इंसानी जानों के प्रति ये घोर लापरवाही, खासकर रमज़ान के पवित्र महीने में, बेहद घिनौनी और गहरी चिंता का विषय है।"
I am deeply saddened by the latest reports of civilian casualties as a result of Pakistani airstrikes in Kabul. Targeting civilian homes, educational facilities or medical infrastructure, either intentional or by mistake, is a war crime. The sheer disregard for human lives,… pic.twitter.com/DbFRRh2qAJ
— Rashid Khan (@rashidkhan_19) March 16, 2026