इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) से पहले रियान पराग (Riyan Parag) को राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) का अगला कप्तान बनाया जाना तय है। संजू सैमसन के चेन्नई सुपर किंग्स में जाने के बाद पराग को यह प्रमोशन मिलेगा। बता दें कि सैमसन की ट्रेड के बदले राजस्थान को दो ऑलराउंडर मिले थे, रविंद्र जडेजा और सैम कुरेन।
24 साल के पराग पहले भी राजस्थान टीम की कप्तानी कर चुके हैं। पिछले सीजन सैमसन चोटिल होने के चलते आठ मैच नहीं खेल पाए थे और उन सभी मुकाबलों में राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी की थी, जिसमें दो ही जीत मिली। पराग ने उन मैचों में 38.57 की औसत से रन बनाए और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ करियर की सबसे अच्छी 95 रन की पारी खेली।
ईएसपीएनक्रिकइनफो की खबर के अनुसार पराग उन कुछ खिलाड़ियों में से थे जिनका इंटरव्यू हेड कोच कुमार संगाकारा ने उन्हें कप्तान बनाने से पहले किया था। अगले सीजन की शुरूआत राजस्थान नए कप्तान और नए हेड कोच के साथ करेगी। बता दें कि 2025 के सीजन के बाद राहुल द्रविड़ कोच पद की जिम्मेदारी छोड़ दी थी। टीम पिछले सीजन 14 में से सिर्फ चार ही मुकाबले ही जीत पाई और पॉइंट्स टेबल मे नौंवे नंबर पर रही।