आईपीएल 2023 के आखिरी लीग मैच में गुजरात टाइटंस की जीत ने मुंबई इंडियंस को प्लेऑफ में पहुंचा दिया और अब रोहित शर्मा की टीम 24 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स से एलिमिनेटर मुकाबले में भिड़ती हुई दिखेगी। इस मुकाबले से पहले सोशल मीडिया पर रोहित एंड कंपनी का एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में रोहित शर्मा समेत कई खिलाड़ी सईयां गाना गाते हुए नजर आ रहे हैं।
इस वीडियो को खुद मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने शेयर किया है। इस वीडियो की शुरुआत मुंबई के युवा खिलाड़ी नेहल वढेरा सईयां गाना गाकर शुरुआत करते हैं और इसके बाद सूर्यकुमार यादव और रोहित शर्मा भी इसे गाने की कोशिश करते हैं। इस दौरान ये खिलाड़ी खुद तो हंस-हंसकर लोटपोट होते ही हैं लेकिन इस वीडियो को देखकर फैंस भी अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं।
इस वीडियो को शेयर करते हुए रोहित शर्मा ने कैप्शन में लिखा, 'आप मुंबई नहीं आ सकते।' इस वीडियो के कमेंट सेक्शन में फैंस जमकर रिएक्शंस दे रहे हैं। कुछ का कहना है कि मुंबई के खिलाड़ियों को अगले मैच पर फोकस करना चाहिए जबकि कुछ का कहना है कि इस वीडियो में सबसे अच्छा कप्तान रोहित शर्मा ने गाया। आप ये वीडियो नीचे देख सकते हैं।