भारतीय क्रिकेट स्टार रोहित शर्मा गणेशोत्सव के मौके पर मुंबई में गणपति बप्पा के दर्शन करने पहुंचे तो फैंस की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। माहौल इतना जबरदस्त था कि चारों ओर से उनके नाम के नारे गूंजने लगे। इस दौरान हिटमैन ने भीड़ को देखकर मुस्कुराकर रिएक्ट किया, लेकिन थोड़ी देर बाद उन्होंने एक खास जेस्चर से सभी का ध्यान खींचा। रोहित का यह अंदाज़ सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हुआ।
भारतीय वनडे टीम के कप्तान रोहित शर्मा गणेशोत्सव के मौके पर गुरुवार (4 सितंबर) को मुंबई के वर्ली में बप्पा के दर्शन करने पहुंचे। जैसे ही उनकी गाड़ी पंडाल में दाखिल हुई, फैंस का सैलाब उमड़ पड़ा। हर कोई अपने स्टार को करीब से देखने के लिए बेताब था।
रोहित के पहुंचते ही लोगों ने जोर-जोर से 'मुंबईचा राजा रोहित शर्मा' के नारे लगाने शुरू कर दिए। शुरुआत में रोहित ने मुस्कुराकर फैंस के प्यार का जवाब दिया, लेकिन जब जयकारे भगवान गणपति की जगह उनके नाम पर होने लगे तो कप्तान भड़क गए। उन्होंने हाथ जोड़कर लोगों से गुज़ारिश की कि केवल 'गणपति बप्पा मोरया' का ही नारा लगाएं। इस दौरान उनका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो गया।