रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर पूजा वस्त्रकार (Pooja Vastrakar) हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण WPL 2026 से दो हफ्ते के लिए बाहर हो गई हैं। आरसीबी के हेड कोच मालोलन रंगराजन ने शुक्रवार (9 जनवरी) को मुंबई इंडियंस के खिलाफ टूर्नामेंट के पहले मैच के बाद इस बात की पुष्टि की।
आरसीबी के WPL 2026 के पहले मैच के बाद मालोलन ने कहा, "पूजा वस्त्रकार मुंबई इंडियंस के खिलाफ सिलेक्शन के लिए उपलब्ध नहीं थीं। CoE (बेंगलुरु में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) से रिलीज़ होने से दो हफ्ते पहले, दुर्भाग्य से उनकी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया था। हमारे पास जो जानकारी है, उसके अनुसार वह दो हफ्ते और वहीं रहेंगी। पहले वह अपने कंधे की चोट के लिए CoE में थीं, अब उन्हें हैमस्ट्रिंग की समस्या है। यह एक हफ़्ते-दर-हफ़्ते की प्रक्रिया है। तो देखते हैं कि वह अब किस स्थिति में हैं।"
आरसीबी ने WPL 2026 की शानदार शुरूआत की और मुंबई इंडियंस के खिलाफ आखिरी गेंद पर जीत हासिल की। पहले गेंदबाजी में नादिन डी क्लर्क के धमाल फिर बल्लेबाजी में 44 गेंदों में 63 रन की पारी से आरसीबी ने 3 विकेट से जीत हासिल की।