IPL 2026, Rajasthan Royals vs Gujarat Titans: आईपीएल 2026 के इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज साईं सुदर्शन और शुभमन गिल ने राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर टीम को धमाकेदार शुरुआत दिलाई। वहीं वाशिंगटन सुंदर ने भी अहम रन जोड़कर गुजरात को 200 रन के पार पहुंचाया।
आईपीएल 2026 का 52वां मुकाबला शनिवार (9 मई) को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस को कप्तान शुभमन गिल और साईं सुदर्शन ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और पहले विकेट के लिए सिर्फ 66 गेंदों में 118 रन जोड़ दिए।
साईं सुदर्शन ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंदों में 55 रन बनाए। वहीं कप्तान शुभमन गिल ने एक छोर संभाले रखा और 44 गेंदों में 84 रन की दमदार पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। मध्य और आखिरी ओवरों में वाशिंगटन सुंदर ने भी 20 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाकर तेजी से रन बटोरे और टीम के स्कोर को 229 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।