ICC Imposes 5-year Ban To Saliya Saman: श्रीलंका के पूर्व डोमेस्टिक क्रिकेटर सालिया समन को ICC की एंटी-करप्शन ट्रिब्यूनल ने 2021 अबू धाबी T10 लीग में मैच फिक्सिंग की कोशिश का दोषी पाया है। पुणे डेविल्स टीम से जुड़े इस खिलाड़ी पर 5 साल का बैन लगाया गया है, जिसमें से 2 साल की सज़ा वह पहले ही काट चुके हैं। मामला कई आर्टिकल्स के उल्लंघन का है, जिसमें मैच को प्रभावित करने और खिलाड़ियों को रिश्वत की पेशकश शामिल है।
श्रीलंका के पूर्व डोमेस्टिक ऑलराउंडर सालिया समन के क्रिकेट करियर पर बड़ा झटका लगा है। ICC की इंडिपेंडेंट एंटी-करप्शन ट्रिब्यूनल ने उन्हें 2021 अबू धाबी T10 लीग के दौरान करप्शन के कई मामलों में दोषी ठहराते हुए 5 साल के लिए क्रिकेट से बैन कर दिया है। यह बैन 13 सितंबर 2023 से बैकडेट किया गया है, यानी वह पहले ही 2 साल की सज़ा काट चुके हैं।
सालिया समन 2021 में अबू धाबी T10 लीग में पुणे डेविल्स फ्रेंचाइज़ी के साथ जुड़े थे। उस सीज़न में टीम ने 6 में से सिर्फ 1 मैच जीता और आखिरी स्थान पर रही। ICC के मुताबिक, समन ने 2020-21 सीज़न में मैच को प्रभावित करने (आर्टिकल 2.1.1), खिलाड़ियों को करप्शन के लिए इनाम देने (आर्टिकल 2.1.3), और दूसरों को कोड तोड़ने के लिए प्रोत्साहित करने (आर्टिकल 2.1.4) जैसे गंभीर उल्लंघन किए।