2018 में हुए सैंडपेपरगेट विवाद को लेकर उस्मान ख्वाजा द्वारा बताई गई कहानी के बाद एक के बाद एक खुलासे हो रहे हैं। अब यह खबर आई है कि ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी स्पिनर नाथन लायन ने कथित तौर पर इस विवाद के कुछ महीने बाद बॉल टैम्परिंग का सुझाव दिया था।
नए खुलासे के तहत एक सीनियर खिलाड़ी ने अक्टूबर 2018 में यूएई में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान गेंद को चमकाने के लिए मिंट या लॉलीपॉप के इस्तेमाल का सुझाव दिया था, जो साउथ अफ्रीका के टेस्ट दौरे के मुश्किल से छह महीने बाद हुआ था, जहां कैमरन बैनक्रॉफ्ट, डेविड वार्नर और स्टीव स्मिथ को सैंडपेपर विवाद के लिए सजा मिली थी।
इस बात की पुष्टि उस्मान ख्वाजा ने की थी, जब वह कुछ दिन पहले 'द ग्रेड क्रिकेटर' पॉडकास्ट पर आए थे। 'द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अनुभवी स्पिनर नाथन लायन ने गेंद को चमकाने के लिए मिंट या लॉलीपॉप इस्तेमाल करने का सुझाव दिया था, जिस पर उस समय के कप्तान टिम पेन और कोच जस्टिन लैंगर ने उन्हें डांटा था।