IPL 2026, Chennai Super Kings vs Delhi Capitals Highlights: चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 23 रन से हराकर इस सीजन अपनी पहली जीत दर्ज की। संजू सैमसन के नाबाद 115 रन और जेमी ओवरटन की शानदार गेंदबाजी के दम पर CSK ने मैच पर पूरी पकड़ बनाए रखी। 213 रन के लक्ष्य के जवाब में दिल्ली 189 रन तक ही पहुंच सकी।
शनिवार (11 अप्रैल) को खेले गए आईपीएल 2026 के 18वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स को संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ ने अच्छी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 38 गेंदों में 62 रन जोड़े। गायकवाड़ 15 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन इसके बाद संजू सैमसन ने पारी की कमान संभाल ली।
संजू को आयुष म्हात्रे का अच्छा साथ मिला और दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 113 रन की शानदार साझेदारी की। आयुष म्हात्रे ने 36 गेंदों में 59 रन की तेज पारी खेली, जबकि संजू सैमसन ने 56 गेंदों में 15 चौके और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 115 रन ठोकते हुए आईपीएल 2026 का पहला शतक जड़ दिया। अंत में शिवम दुबे ने 10 गेंदों में 20 रन बनाकर टीम को 212 रन तक पहुंचाया।