Sikandar Raza 150 T20I Sixes: जिम्बाब्वे को नामीबिया में खेली जा रही टी20 ट्राई सीरीज के मुकाबले में साउथ अफ्रीका से 43 रन की बड़ी हार का सामना करना पड़ा। हालांकि टीम के कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर सिकंदर रज़ा ने इस मुकाबले में बल्ले से संघर्ष करते हुए एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली। रज़ा ने एक ऐसा मुकाम हासिल किया, जो इससे पहले जिम्बाब्वे का कोई खिलाड़ी नहीं कर सका था।
विंडहोक के नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड पर मंगलवार (1 सितंबर) को खेले गए इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 185 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम के लगातार विकेट गिरते रहे और कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। हालांकि इस मुश्किल स्थिति में कप्तान सिकंदर रज़ा ने एक छोर संभालने की कोशिश की। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए रज़ा ने 33 गेंदों में 45 रन बनाए। उनकी पारी में 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।
पारी में लगाए गए इन दो छक्कों के साथ ही सिकंदर रज़ा ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। उन्होंने अपने 142वें टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में 150 छक्के पूरे कर लिए। इसके साथ ही वह जिम्बाब्वे की ओर से T20I क्रिकेट में 150 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं।