India Women vs Australia Women, Pink-Ball Test Day 2 Highlights: पर्थ के वाका स्टेडियम में खेले जा रहे भारत और ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के इकलौते पिंक टेस्ट के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने मैच पर मजबूत पकड़ बना ली। एलिस पेरी और एनाबेल सदरलैंड की शानदार पारियों के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 323 रन बनाकर 125 रन की बढ़त हासिल की। जवाब में भारत की दूसरी पारी भी लड़खड़ा गई और दिन का खेल खत्म होने तक टीम 6 विकेट पर 105 रन ही बना सकी।
शनिवार (7 मार्च) को पर्थ के वाका स्टेडियम में खेले जा रहे भारत और ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के इकलौते पिंक बॉल टेस्ट के दूसरे दिन मेजबान टीम ने शानदार खेल दिखाया। पहले दिन के स्कोर 96/3 से आगे खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया की पारी को एलिस पेरी और एनाबेल सदरलैंड ने मजबूती दी।
दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 169 गेंदों में 128 रन की शानदार साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। एलिस पेरी ने 116 गेंदों में 76 रन की अहम पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। वहीं एनाबेल सदरलैंड ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा और 171 गेंदों में 129 रन बनाए। उनकी इस पारी में 17 चौके शामिल रहे।