साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान डीन एल्गर ने बुधवार को घोषणा की है कि वह मौजूदा 2026 सीजन के अंत में पेशेवर क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लेंगे, जिसके साथ दो दशक से अधिक लंबे और शानदार क्रिकेट करियर का अंत हो जाएगा।
39 वर्षीय एल्गर साउथ अफ्रीका के लिए 86 टेस्ट मुकाबलों में 37.92 की औसत से 5347 रन बना चुके हैं, जिसमें 14 शतक शामिल हैं। एल्गर साल 2017 में बांग्लादेश के खिलाफ 199 रनों की पारी खेल चुके हैं। वह 18 मुकाबलों में साउथ अफ्रीकी टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं।
एल्गर ने खेल छोड़ने के अपने फैसले के पीछे परिवार की जरूरतों को मुख्य कारण बताते हुए कहा, "मुझे लगता है कि अब मेरे लिए सही समय है। मेरी उम्र बढ़ रही है। मैं 39 साल का हो गया हूं और घर पर भी बहुत कुछ चल रहा है, खासकर मेरे छोटे लेकिन तेजी से बड़े हो रहे परिवार को लेकर। अब मेरे लिए घर पर रहने और अपने पार्टनर और बच्चों के साथ समय बिताने का सही समय है। अब तक का सफर शानदार रहा है। यह अभी खत्म नहीं हुआ है, लेकिन सीजन के आखिर में मैं संन्यास ले लूंगा। मैं खुशकिस्मत था कि मुझे 12 साल तक अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला और फिर (साउथ अफ्रीका की) कप्तानी करने की जिम्मेदारी भी मिली- यह मेरे करियर के सबसे गर्व भरे पलों में से एक है।"