भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट मुकाबला शनिवार से गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। रवींद्र जडेजा के पास इस टेस्ट मुकाबले में बड़ी उपलब्धि हासिल करने का सुनहरा मौका होगा।
दरअसल, जडेजा टेस्ट क्रिकेट में 350 विकेट से सिर्फ 2 विकेट दूर हैं। उन्होंने अब तक खेले 89 टेस्ट मैचों की 167 पारियों में 348 विकेट चटकाए हैं। जडेजा अगर पहले टेस्ट में 2 विकेट निकालने में सफल रहते हैं, तो वह भारत की ओर से यह मुकाम हासिल करने वाले महज पांचवें गेंदबाज बन जाएंगे। जडेजा बल्लेबाजी में 4095 रन बना चुके हैं। जडेजा टेस्ट क्रिकेट में 4 हजार रन और 300 विकेट लेने वाले दुनिया के महज चार खिलाड़ियों में शुमार हैं।
जडेजा अगर गॉल टेस्ट में 2 विकेट चटकाने में कामयाब रहते हैं, तो वह कपिल देव के बाद क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में भारत की ओर से 4 हजार रन और 350 विकेट पूरे करने वाले दूसरे खिलाड़ी बन जाएंगे। भारत को पहला विश्व कप जिताने वाले कप्तान कपिल देव इस मुकाम को हासिल करने वाले अभी इकलौते भारतीय क्रिकेटर हैं। इसके साथ ही जडेजा यह खास उपलब्धि हासिल करने वाले पहले स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर भी बनेंगे।