New Chandigarh: आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ 47 रनों से हार का सामना करना पड़ा। महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में मिली हार के साथ ही एसआरएच का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया। कप्तान पैट कमिंस ने माना कि गलत समय पर विकेट गंवाना टीम को महंगा पड़ा।
एलिमिनेटर मुकाबले में मिली हार के बाद कप्तान कमिंस ने कहा, "मुझे लगता है कि हम ज्यादातर समय मैच में बने हुए थे और हमने रन रेट को बरकरार रखा था। हमने शायद गलत समय पर कुछ ज्यादा ही विकेट गंवा दिए, जिसके कारण यह चेज मुश्किल हो गया, हालांकि हमने खुद को एक अच्छा मौका दिया।"
पिछले 3 साल में 2 बार प्लेऑफ तक पहुंचने पर कप्तान कमिंस ने खुशी जताई। उन्होंने कहा, "हां, यह सही है। मुझे लगता है कि हम टॉप दो में आने से बस थोड़ा सा दूर थे। आप खिलाड़ियों से इससे ज्यादा बेहतर प्रदर्शन की और क्या ही मांग करेंगे। सभी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और बहुत अच्छी क्रिकेट खेली।"