खिताबी जीत पर ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने कहा, एक-दूसरे पर भरोसा ही सबसे अहम था (Image Source: IANS)
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान सोफी मोलिनेक्स ने रिकॉर्ड सातवीं बार विमेंस टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने के बाद टीम की एकता और निस्वार्थ रवैये की तारीफ की है। कप्तान ने इस जीत को महीनों की कड़ी मेहनत, भरोसे और तैयारी का नतीजा बताया है।
रविवार को लॉर्ड्स के मैदान पर 151 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 17.1 ओवरों में 7 विकेट शेष रहते आसान जीत दर्ज की। बेथ मूनी ने 64 रन बनाए, जबकि फोएबे लिचफील्ड ने 48 रनों का योगदान टीम के खाते में दिया।
ट्रॉफी उठाने के बाद मोलिनेक्स ने कहा, "यह बहुत ही शानदार है। मेरे पिता भी यहां हैं। यह एक खास दिन है। इस जीत के लिए बहुत सोच-विचार, कोशिश और कड़ी मेहनत की जरूरत थी। ऐसे खिलाड़ियों का समूह जो एक-दूसरे के लिए कुछ भी करने को तैयार हो। यह बहुत कीमती है।"