पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन सिंह ने कहा कि रोहित शर्मा और विराट कोहली साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप 2027 में भारतीय टीम के लिए बहुत अहम खिलाड़ी साबित होंगे।
रोहित और विराट हाल के वनडे मैचों में अच्छी फॉर्म में रहे हैं। रोहित ने अपनी पिछली पांच पारियों में दो शतक और एक बार 92 रन बनाए हैं, जबकि कोहली ने अपनी पिछली पांच इनिंग्स में एक शतक और दो बार 50 से अधिक रन (74 और 65) बनाए हैं। 'आईएएनएस' से खास बातचीत में भारत के पूर्व ऑलराउंडर रॉबिन सिंह ने कहा कि वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के लिए इन दोनों पूर्व कप्तानों का अनुभव और फॉर्म बहुत जरूरी होगा।
रॉबिन ने कहा, "मुझे लगता है कि अनुभव एक चीज है। हालांकि, उससे भी ज्यादा जरूरी उनकी फॉर्म है। जाहिर है कि उम्र के साथ अनुभव तो काफी बढ़ ही जाता है। इसी कारण यह कोई समस्या नहीं है। वे जानते हैं कि क्या करना है।" उन्होंने कहा कि फिट रहने के मामले में दोनों खिलाड़ी बेहतरीन काम कर रहे हैं और इस बड़े टूर्नामेंट में टीम के लिए बहुत अहम साबित होंगे। उन्होंने कहा, "यह सब इस बारे में है कि आप वर्तमान में कैसे रहते हैं, फिट रहते हैं और अच्छा खेलते रहते हैं। मुझे लगता है कि वे ऐसा बहुत अच्छे से कर रहे हैं। इसलिए कोई शिकायत नहीं है। वे निश्चित रूप से भारतीय टीम के लिए बहुत अहम खिलाड़ी होंगे।"