अफगानिस्तान ने बुधवार को सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में खेले गए वनडे सीरीज के चौथे मुकाबले को 42 रन से अपने नाम किया। इसी के साथ मेहमान टीम ने सीरीज पर 3-1 से अपना कब्जा जमा लिया है।
सीरीज का पहला मैच बारिश के चलते बेनतीजा रहा था, जिसके बाद अगले मुकाबले को अफगानिस्तान ने 92 रन से अपने नाम किया। सीरीज का तीसरा मैच अफगानिस्तान ने 3 विकेट से जीता और फिर अगले मुकाबले को अपने पक्ष में करते हुए सीरीज पर कब्जा जमा लिया। सीरीज का अंतिम मैच 14 अगस्त को इसी मैदान पर आयोजित होगा।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी अफगान टीम ने 9 विकेट खोकर 343 रन बनाए। इस टीम ने 16 के स्कोर पर रहमानुल्लाह गुरबाज (12) का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद सेदीकुल्लाह अटल ने इब्राहिम जादरान के साथ दूसरे विकेट के लिए 220 गेंदों में 231 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 247 के स्कोर तक पहुंचाया।