बीबीएल: मिशेल मार्श शतक से चूके, पर्थ स्कॉचर्स ने एडिलेड स्ट्राइकर्स को 233 रन का लक्ष्य दिया (Image Source: IANS)
बिग बैश लीग में मिशेल मार्श बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। रविवार को एडिलेड में एडिलेड स्ट्राइकर्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में मार्श शतक से चूक गए।
मुकाबले में एडिलेड स्ट्राइकर्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। पर्थ स्कॉचर्स की तरफ से पारी की शुरुआत करने के लिए आए मिशेल मार्श ने 51 गेंद पर 7 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 88 रन की पारी खेली। वह दुर्भाग्यशाली रहे कि अपने शतक से चूक गए।
मार्श ने पहले विकेट के लिए फिन एलेन (16 गेंद पर 38 रन) के साथ 81 रन की साझेदारी की। इसके बाद तीसरे विकेट के लिए जोश इंग्लिस (23 गेंद पर 42 रन) के साथ 77 रन जोड़े। मार्श की पारी और इन साझेदारियों की बदौलत पर्थ स्कॉचर्स ने 4 विकेट पर 232 रन का विशाल स्कोर बनाया। आरोन हार्डी 22 गेंद पर 34 और कप्तान एश्टन टर्नर 8 गेंद पर 20 रन बनाकर नाबाद रहे।