CSK VS DC: दिल्ली कैपिटल्स ने चेन्नई सुपरकिंग्स का किला भेद दिया है। दिल्ली ने केएल राहुल की 77 रन की बेहतरीन पारी से चेन्नई को उसके ही मैदान में शनिवार को 25 रन से हराकर आईपीएल 2025 में जीत की हैट्रिक पूरी की।
पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी मध्य ओवरों में मैदान पर उतरे लेकिन उन्होंने वो जरूरी तेजी नहीं दिखाई जिसकी चेन्नई को जरूरत थी। धोनी के माता-पिता सहित पूरा परिवार स्टेडियम में मौजूद था लेकिन धोनी टीम को जीत की मंजिल तक नहीं पहुंचा सके।
इस सत्र में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने चेपॉक में 17 साल का सूखा खत्म करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को हराया था और अब दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने भी चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ चेपॉक में कुछ वैसा ही कारनामा कर दिखाया। लय में नजर आ रही दिल्ली कैपिटल्स ने 2010 के बाद से चेपॉक में पहली जीत का स्वाद चखा है।