दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन से खास मुलाकात की। सैमसन को मोती नगर के 'जन कौशल केंद्र' का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है।
सीएम रेखा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "संजू का दिल्ली से एक खास रिश्ता है, जहां उन्होंने अपने शुरुआती साल बिताए और अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत की। अब, मदन लाल खुराना फाउंडेशन द्वारा नियुक्त 'जन कौशल केंद्र, मोती नगर' के ब्रांड एंबेसडर के तौर पर वह दिल्ली के युवाओं को कौशल, अवसरों और आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित करेंगे। इस मौके पर विधायक श्री हरीश खुराना, ट्रिनिटी फाउंडेशन और आईएसीटी एजुकेशन के वरिष्ठ सदस्य भी मौजूद थे।"
संजू सैमसन का प्रदर्शन अफगानिस्तान के खिलाफ खेली गई टी20 इंटरनेशनल सीरीज में शानदार रहा। पहले मैच में फ्लॉप रहने के बाद सैमसन ने दूसरे और तीसरे टी20 में अर्धशतकीय पारी खेली। दूसरे टी20 में संजू ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 22 गेंदों में 57 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान सैमसन ने 7 चौके और 4 छक्के लगाए।