मोहम्मद शमी के बचपन के कोच बदरुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि उन्होंने और शमी के परिवार ने उन्हें टेस्ट क्रिकेट से संन्यास न लेने के लिए कई बार कहा था, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में न चुने जाने के बाद शमी को लगा कि अब उनकी वापसी की कोई गुंजाइश नहीं बची है, इसलिए उन्होंने संन्यास लेने का फैसला कर लिया।
शमी ने शुक्रवार रात अपने टेस्ट करियर को अलविदा कह दिया। ठीक 13 साल पहले, ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने इस लंबे फॉर्मेट में अपना डेब्यू किया था। नई और पुरानी दोनों गेंदों से सीम और स्विंग कराने में माहिर शमी ने अपने टेस्ट करियर का समापन 64 मैचों में 229 विकेटों के साथ किया। उनका औसत 27.71 रहा और उन्होंने छह बार एक पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट लिए।
शमी इस फॉर्मेट में वह भारत के लिए सर्वाधिक विकेट लेने वाले 12वें गेंदबाज हैं, और तेज गेंदबाजों की सूची में छठे स्थान पर हैं। सिद्दीकी ने शनिवार को 'आईएएनएस' से कहा, "यह सब काफी समय से चल रहा था। मैंने उन्हें ऐसा करने से रोका था और थोड़ा और इंतजार करने को कहा था। पिछले एक साल से वह काफी परेशान चल रहे थे। जाहिर है, जब आपको खेलने और प्रदर्शन करने का मौका न मिले, तो कोई भी खिलाड़ी परेशान हो ही जाएगा। यह काफी समय से चल रहा था। लेकिन जब उन्हें लगा कि न्यूजीलैंड सीरीज के बाद वापसी की कोई उम्मीद नहीं बची है, तो उन्होंने यह घोषणा करने का फैसला किया।"