Lucknow Super Giants: आईपीएल 2026 के 68वें मुकाबले में शनिवार को पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए करो या मरो मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी)के खिलाफ 7 विकेट से जीत दर्ज की। श्रेयस अय्यर ने कप्तानी पारी खेलते हुए शतक लगाया और वह टीम को जीत दिलाकर लौटे। जीत के बाद अय्यर ने कहा कि उनके बल्ले से सीजन का पहला शतक टीम की जरूरत को देखते हुए एकदम सही समय पर आया।
एलएसजी के खिलाफ मिली जीत के बाद अय्यर ने कहा, "सच कहूं तो मैं बहुत खुश हूं। यह इस सीजन का मेरा पहला शतक है और यह सही समय पर आया जब टीम को इसकी जरूरत थी। लगातार छह हार के बाद आखिरकार हम जीत गए। यह एक बहुत अच्छी बात है और हम अब रविवार को मुंबई इंडियंस को सपोर्ट करेंगे।"
अय्यर ने टीम के गेंदबाजों के प्रदर्शन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा,"गेंदबाजों के प्रदर्शन से बहुत खुश हूं। अजमतुल्लाह उमरजई ने शानदार गेंदबाजी की। पहले ओवर में ही उन्होंने एक विकेट लेने के साथ-साथ अहम रन भी बचाए। उन्होंने 4 ओवर के स्पेल में शायद 23 या फिर अगर मैं गलत नहीं हूं, तो 26 रन दिए। युजवेंद्र चहल ने बीच के ओवरों में आकर बेहतरीन गेंदबाजी की। उन्होंने रन रोकने के साथ-साथ ऋषभ पंत का बड़ा विकेट भी चटकाया। पिछले मैच में काफी रन खर्च करने के बाद उन्होंने इस मुकाबले में शानदार गेंदबाजी की, जिससे उनकी काबिलियत पता लगती है।"